उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा की एलओसी से सटे गुरेज के दावर में सेना ने ट्रैकिंग टीम का स्वागत किया। गुरेज में तैनात अधिकारी ने बताया कि समारोह में सेना के साथ दावर की अवाम भी शामिल थी। विश्व प्रसिद्ध इको फ्रेंडली ट्रैकिंग कंपनी ‘इंडिया हाइक्स’ की पहली ट्रेकिंग टीम ने मंत्रमुग्ध करने वाले दावर-पातालवन झील मार्ग पर ट्रैकिंग की।
उन्होंने बताया कि इस ट्रैक में पूरे भारत से कुल 12 अनुभवी ट्रैकर्स शामिल हुए। अधिकारी ने बताया कि इन ट्रैकर्स द्वारा किए गए ट्रैक ने गुरेज को विश्व स्तरीय ट्रैकिंग गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने में काफी मदद की है। ट्रैकिंग 4 सितंबर 2022 को शुरू हुई और 8 सितंबर 2022 को टीम वापस दावर लौटी।
ट्रैकर्स ने आश्चर्यजनक रूप से विभिन्न जंगलों, घास के मैदानों और सुंदर झीलों की सराहना की। ट्रैकिंग टीम ने गुरेज घाटी में पर्यटन और ट्रैकिंग को बढ़ावा देने के लिए सेना को धन्यवाद दिया।
गोल्फ में चंडीगढ़ के युवराज सिंह का दबदबा
जम्मू के पीजीटीआई में तीन बार के विजेता चंडीगढ़ के युवराज सिंह संधू ने (69-70-65) स्कोर से जम्मू कश्मीर ओपन 2022 गोल्फ चैंपियनशिप के तीसरे राउंड में बढ़त बनाई है। जम्मू तवी गोल्फ कोर्स पर खेली जा रही इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में युवराज शानदार प्रदर्शन करने में कामयाब रहे हैं।
संधू ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बंगलुरू के खलिन जोशी को चुनौती दी है और वह दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। हैदराबाद के मोहम्मद अजहर और गुरुग्राम के वीर अहलावत ने भी बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश की, लेकिन वे अधिक बढ़त नहीं बना पाए और तीसरे स्थान पर रहे।
इसी तरह मनु गंडास नौंवे, राशिद खान 14वें, उदयन माने 30वें स्थान पर रहे हैं। संधू के प्रभावशाली प्रदर्शन ने उन्हें प्रतिद्वंद्वियों से आगे बढ़ने में मदद की। पिछले दो दिन की तुलना में संधू ने तीसरे दिन शानदार खेल दिखाने में सफलता हासिल की।