मेंढर के बलनोई सेक्टर पर मंगलवार को सुबह तड़के तैनात सेना के जवान की दुर्घटनावश गोली चलने से मौत हो गई। शव का उपजिला अस्पताल में पुलिस और सेना के अधिकारियों की निगरानी में पोस्टमार्टम के बाद सैन्य सम्मान से विदाई दी गई। शव को जवान केपैतृक गांव भेज दिया गया है। मेंढर पुलिस ने धारा 174 के तहत केस दर्ज किया है।
सेना की 20 कुमाऊं रेजिमेंट के सिपाही मनमोहन बुद्धानी निवासी गांव अवलाकोट कोटाबाग तहसील कालाडूंगी जिला नैनीताल ड्यूटी पर तैनात थे। वह मेंढर के बलनोई सेक्टर में स्थित सेना की पिंपल चौकी पर तैनात थे।
उनके साथ वाले मोर्चे में तैनात जवानों ने तड़के पाक अधिकृत क्षेत्र से कुछ संदिग्ध हरकतें देखी तो उन्होंने आसपास के मोर्चों में तैनात साथियों को सचेत करने के लिए सिगनल दिया। इस पर मनमोहन मोर्चे में तैनात साथी कुंदन सिंह सहित बंकर से निकल कर आगे पहुंचने के लिए बनाए गए भूमिगत संकरे रास्ते से बाहर की तरफ निकले।
इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और गिर पड़े। इसी दौरान उनकी राइफल से गोली चल गई, जो उन्हें ही लग गई। साथियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर बलनोई स्थित मुख्यालय लाया। यहां उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया गया।