जम्मू रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम अचानक गोली चलने से अफरातफरी मच गई। गोली की आवाज सुनते ही स्टेशन परिसर में यात्रियों में कुछ देर के लिए डर फैल गया। जानकारी के अनुसार गोली चलने की घटना केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान की राइफल से आकस्मिक रूप से हुई। जवान अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के लिए आया था और परिसर में ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जवान की पहचान सीआईएसएफ के एएसआई जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। घटना के दौरान उन्हें पैर में मामूली चोट आई। घटना के बाद जीआरपी, आरपीएफ, और बाहु फोर्ट पुलिस स्टेशन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इस मामले में जरूरी जांच शुरू हुई है। राहत की बात यह रही कि गोली चलने से कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आकस्मिक फायरिंग का मामला है और किसी तरह की सुरक्षा चूक या संदिग्ध गतिविधि से इसका संबंध नहीं है। प्राथमिक उपचार के बाद एएसआई जसविंदर सिंह ने दोबारा ड्यूटी संभाल ली।