सेना में भर्ती होने के लिए जिला पुलिस लाइन में शनिवार को युवाओं में जबर्दस्त उत्साह दिखा। भर्ती के लिए हर युवा पूरे जोश और ताकत से हर पड़ाव पार करने के लिए उत्साहित दिखा। भर्ती को पारदर्शी बनाने के लिए सारे इंतजाम किए गए हैं।
सेना की यह भर्ती रैली 18 अप्रैल तक चलेगी। इसमें सांबा, कठुआ, जम्मू, उधमपुर, राजोरी, रियासी, पुंछ, रामबन, डोडा और किश्तवाड़ जिलों के युवा हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन शनिवार को राजोरी के 2251 युवाओं ने भाग लिया। इनमें से 732 पास हुए। एक उम्मीदवार को शरीर पर टैटू बनाए जाने के कारण रिजेक्ट कर दिया गया।
रविवार को राजोरी जिले की थन्ना मंडी, नौशेरा और सुंदरबनी तहसीलों के युवा भाग लेंगे। डिप्टी डायरेक्टर जनरल रिक्रुटमेंट ब्रिगेडियर जेएस संब्याल ने बताया कि यह भर्ती रैली सेना भर्ती मुख्यालय जोन जालंधर के सेना भर्ती कार्यालय जम्मू द्वारा की जा रही है।
भर्ती रैली की निगरानी पठानकोट आधारित गुर्ज डिवीजन द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह कंप्यूटरीकृत और पारदर्शी बनाया गया है। उमीदवारों को आगाह किया गया कि वह दलालों और अवांछित तत्वों के चंगुल में न फंसें।
आनलाइन आवेदन मांगे गए थे
सेना की इस भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन मांगे गए थे। कुल 42,868 उम्मीदवारों ने आनलाइन आवेदन किया है। इनमें से राजोरी जिले के 5698, पुंछ के 2160, जम्मू के 11769, कठुआ के 8185, किश्तवाड़ के 887, डोडा के 2401, सांबा के 5188, रामबन के 1142, रियासी के 1463 और उधमपुर के 4035 उम्मीदवार शामिल हैं।