उत्तरी कश्मीर के मच्छेल सेक्टर में मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और खाने पीने के सामान व दवाइयां मिली हैं। सेना के अनुसार मारे गए आतंकी लंबे ऑपरेशन को अंजाम देने की क्षमता रखते थे।
मच्छेल ब्रिगेड कमांडर ब्रिगेडियर आरके सुरेश ने कुपवाड़ा में कहा कि छह अगस्त की रात को एंटी इनसरजेंसी ओब्सटेकल सिस्टम (एआईओएस) द्वारा पांच आतंकियों के एक दल को सीमा के उस पार से एलओसी पर घुसपैठ करते हुए पाया गया। यह आतंकी घने जंगल वाला इलाका होने का फायदा उठाते हुए इस पार आ गए।
इसी बीच सेना की ओर से इलाके में बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू किया गया ताकि उन्हें मार गिराया जा सके। यह ऑपरेशन 6 अगस्त की पूरी रात जारी रहा और 7 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे मुठभेड़ शुरू हुई। इस दौरान आतंकियों ने आटोमेटिक हथियारों से जवानों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। करीब तीन घंटे तक चली भीषण मुठभेड़ में सभी पांच घुसपैठी आतंकियों को ढेर कर दिया गया।