जम्मू-कश्मीर में तैनात सेना का एक हवलदार संदिग्ध हालात में लापता हो गया। वह चार नवंबर को सियालदह एक्सप्रेस से जम्मू जा रहा था, लेकिन बीच रास्ते से ही गायब हो गया। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।
सैन्य अधिकारियों को भी घटना से अवगत करा दिया है। अशोक नगर ढंढेरा निवासी राजन थापा (42) सेना की 55 इंजीनियर यूनिट निहारी, जम्मू-कश्मीर में हवलदार के पद पर तैनात है। हाल ही में वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।
परिजनों के मुताबिक चार नवंबर की शाम को राजन थापा सियालदह एक्सप्रेस से ड्यूटी पर लौट रहा था। हवलदार राजन थापा को पांच नवंबर को वहां पहुंचना था, लेकिन बीच रास्ते में ही वह कहीं गायब हो गया। सैन्यकर्मी की पत्नी रेणुका ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला।
इसके बाद यूनिट में पूछा गया तो पता चला कि वह नहीं लौटा है। इसके बाद परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लग पाया। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।