भारतीय सेना ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत गुरेज घाटी में चलाया स्वच्छता अभियान
- युवा पीढ़ी को सक्रिय जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित किया, बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता भी कराईसंवाद न्यूज एजेंसी
बांदीपोरा। भारतीय सेना की राणा बटालियन ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत बांदीपोरा जिले की सीमावर्ती गुरेज घाटी में वीरवार को विभिन्न गांवों और स्कूलों में स्वच्छता अभियान चलाया। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर समाप्त हुआ।
इस अभियान के दौरान सेना के डॉक्टरों ने स्थानीय युवाओं के साथ बातचीत की और स्वच्छता व सामुदायिक सफाई के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सरल और प्रभावी उपाय साझा किए जो एक स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण में मदद कर सकते हैं। साथ ही युवा पीढ़ी को सक्रिय जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस पहल के तहत सेना ने स्कूली बच्चों के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की।
बच्चों ने प्रतियोगिता मं उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचारों को अपनी कला के माध्यम से प्रदर्शित किया। शीर्ष तीन प्रतिभागियों को उनकी रचनात्मकता के लिए पुरस्कार दिए गए। इस अभियान को स्थानीय लोगों से जबरदस्त समर्थन मिला।
लोगों ने सेना के प्रति आभार व्यक्त किया कि वे सुरक्षा कर्तव्यों के साथ घाटी के सामाजिक और शैक्षिक विकास में योगदान दे रही है। उन्होंने पहल की सराहना करते हुए इसे सेना और गुरेज के लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया।