सेना ने निष्क्रिय किए मोर्टार, फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
पुंछ जिले में बालाकोट और मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर स्थित रिहायशी इलाकों में 120 एमएम के चार मोर्टार को सेना ने नष्ट कर दिया। इन मोर्टार को कुछ दिन पहले पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागा गया था। इससे इलाके के लोग काफी दहशत में थे।
गांव के लोगों ने सेना को बताया था कि गांव में पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलाबारी के दौरान अलग-अलग जगहों पर 120 एमएम के चार मोर्टार पड़े हैं। इस पर सेना ने राजोरी स्थित सेना की इंजीनियर रेजिमेंट से संपर्क किया।
इसके बाद सोमवार सुबह राजोरी से सैन्य जवान बालाकोट और मेंढर सेक्टर पहुंचे। सभी मोर्टार को बस्ती से दूर ले जाकर नष्ट कर दिया गया। गौरतलब है कि नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्रों में पड़े पाकिस्तानी मोर्टार से छेड़छाड़ करने पर कई बच्चे अपने हाथ-पांव गंवा चुके हैं।