अर्चना एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास के एस-वन कोच का एक पहिया जाम
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-पठानकोट रेल सेक्शन के बीच स्टेशन प्वाइंट्स मैन की मुस्तैदी से रविवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। पठानकोट से जम्मू जा रही अर्चना एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास के एस वन कोच का एक पहिया जाम हो गया। उससे चिंगारी निकलने लगी। बुद्धि रेलवे स्टेशन पर तैनात प्वाइंट्स मैन विक्रम कुमार की नजर इस पर पड़ी तो उसने ट्रेन को रुकवा दिया।
इससे थोड़ी देर के लिए यात्रियों के बीच अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। बाद में खराबी को दुरुस्त कर ट्रेन को एक घंटे बाद दोपहर 11.50 पर जम्मू रवाना कर दिया गया।
रेल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कभी-कभी ट्रेन चालक जब ब्रेक लगाने के बाद रिलीज करता है तो कोई पहिया पूरी तरह से फ्री नहीं होता है। पहिया जाम हो जाता है और उससे चिंगारी निकलने लगती है। ऐसे में यदि समय पर पता न चले तो यह आग लगने और ट्रेन के डिब्बे पलटने की वजह भी बन सकता है।