अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू स्मार्ट सिटी ने मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत शुक्रवार को इलेक्ट्रिक साइकिल रैली का आयोजन अप्सरा रोड से किया। रैली को आयुक्त राहुल यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली अप्सरा रोड, गोल मार्केट, गांधी नगर अस्पताल रोड, ग्रीन बेल्ट रोड तक निकाली गई। स्थानीय लोगों के अलावा जेएमसी स्टाफ मौजूद रहा।
आयुक्त राहुल यादव ने कहा कि जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड शहरी गतिशीलता में नवाचार लाने पर प्रयास कर रही है। इलेक्ट्रिक साइकिल, ई-रिक्शा और ई-ऑटो सहित कई ई-मोबिलिटी परियोजनाएं शुरू की हैं। अब इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत से मंदिरों के शहर में परिवहन में क्रांति आएगी। उन्होंने प्रतिष्ठित इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड्स कॉन्टेस्ट (आईएसएसी) की शहरी पर्यावरण श्रेणी के तहत ई-ऑटो और ई-रिक्शा के सफल संचालन के लिए पुरस्कार जीतने पर लोगों को बधाई दी। यादव ने कहा कि ई-मोबिलिटी परियोजना यातायात भीड़, प्रदूषण और सीमित परिवहन विकल्पों की चुनौती का समाधान है। इस परिवहन सुविधा से नए युग की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की परियोजनाएं अब पूरी होने वाली हैं। जम्मू स्मार्ट सिटी की प्रतिष्ठित परियोजना के तहत 13.64 किलोमीटर लंबी सड़क को स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, पार्किंग, पानी जैसी सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है। इसके अलावा एटीएम, बैठने की जगह, पार्किंग, मूर्तिकला, पानी समेत अन्य सुविधाएं दी हैं। इस मौके पर अतिरिक्त सीईओ राकेश गुप्ता, प्रबंधक आईटी जेपी सिंह, एईई रवि सलोगत्रा और यातायात पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।