उधमपुर। आर्मी पब्लिक स्कूल उधमपुर की दो मेधावी छात्राओं ने एनईईटी 2024 परीक्षा में शानदार परिणाम प्राप्त करके एक बार फिर अपनी क्षमता का शानदार प्रमाण दिया है। सानिया शर्मा और हिमानी ठाकुर ने अत्यधिक स्कोर प्राप्त किए हैं, जिससे स्कूल और उधमपुर जिले का नाम रोशन हुआ।
मेधावी छात्रा सानिया शर्मा ने 720 में से 695 के बेहतरीन अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया। सानिया की उपलब्धि सही मायने में और भी उत्कृष्ट है, क्योंकि उन्होंने इस उपलब्धि को पूरी तरह से स्वअध्ययन के माध्यम से प्राप्त किया है। वहीं सानिया शर्मा की सफलता की कहानी आत्म-अनुशासन, समर्पण और मेहनत की शक्ति का प्रमाण है। सानिया का उदाहरण यह दिखाता है कि सही दृष्टिकोण और निर्धारण के साथ महंगे कोचिंग की आवश्यकता के बिना भी ऊंचाइयाें को प्राप्त किया जा सकता है। आर्मी पब्लिक स्कूल उधमपुर के प्रिंसिपल संजीव कुमार ने दोनों छात्राओं की अपार सफलता पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल ने छात्रों को हमेशा स्व-अध्ययन, कर्मठता और आत्म-निर्भरता के महत्त्व पर जोर दिया है। असाधारण प्रतिभा की धनी सानिया शर्मा और हिमानी ठाकुर की सफलता इसका नवीनतम उदाहरण हैं। उनकी एनईईटी में उपलब्धियां स्कूल सहित उधमपुर जिले के लिए गर्व की बात है।