आतंकवादी संगठन आईएसआईएस में शामिल कश्मीरी युवक आदिल अहमद ( जो अब सीरिया में अमेरिकी सहयोगी बलों की हिरासत में है) को भारत लाने संबंधी उसके पिता के आवेदन को पुलिस ने केंद्र सरकार को भेज दिया है। पिता ने कुछ दिनों पहले राज्य सरकार के समक्ष गुहार लगाई थी। तब कहा गया था कि केंद्र में नई सरकार के आने के बाद इस दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि उसके पिता फै य्याज अहमद की अर्जी आवश्यक कार्रवाई के लिए नई दिल्ली में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को भेज दी गई है। एक अधिकारी ने बताया कि अगर आदिल को वापस लाया जाता है तो वह आईएसआईएस के कामकाज के तरीके और उनकी योजनाओं के बारे में बता सकता है।
उसके पिता ठेकेदार होने के साथ-साथ डिपार्टमेंटल स्टोर भी चलाते हैं। पिता को अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि उनका बेटा इस खतरनाक आतंकवादी संगठन में शामिल हो गया है। वह अपने पुत्र की वापसी के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि नई सरकार आने के बाद पुत्र को वापस लाने की दिशा में बात आगे बढ़ेगी।
अधिकारियों ने बताया कि आदिल अहमद ने एमबीए की पढ़ाई ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड से की थी। उसने इस साल की शुरुआत में सीरिया में आईएसआईएस के अन्य लड़ाकों के साथ अमेरिकी सहयोगी बलों द्वारा पकड़े जाने के बाद आत्मसमर्पण कर दिया था। वह 2013 में सीरिया गया था और अपने परिवार को सूचित किया था कि वह वहां एक एनजीओ के साथ काम कर रहा है।