पौनी। सड़क के निर्माण आई उपजाऊ जमीन का मुआवजा नहीं मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। शुक्रवार को लैड के ग्रामीणों ने पौनी-कुंड खनियारी मार्ग बंद विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया है। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की है।
शुक्रवार दोपहर को ग्रामीणों ने कुंड-खनियारी मार्ग को लैड क्षेत्र में बंद कर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि कई साल से मुआवजे के लिए विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। हर बार आश्वासन देकर गुमराह किया जा रहा है। मौके पर पहुंचे डीडीसी सदस्य रीता शर्मा और एसएचओ राजेश गौतम ने ग्रामीणों से बातचीत की। नायब तहसीलदार कृष्ण चंद ने मौके पर पहुंच कर विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर स्थिति से अवगत करवाया। बाद एक्सईएन ने ग्रामीणों को कार्यालय में बुला कर जल्द समस्या हल करने का आश्वासन दिया। लोगों ने कहा कि अगर जल्द मुआवजा नहीं मिला तो वह मुख्य पौनी मार्ग को बंद करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।