युवाओं को उनके परिवारों को सौंपती पुलिस
- फोटो : फिदा हुसैन
आतंकवाद की ओर रुख करने वाले भटके युवाओं को जम्मू कश्मीर पुलिस मुख्यधारा में लाने का लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में अनंतनाग जिला पुलिस ने पांच युवाओं को आज उनके परिवार को सौंपा। ये युवा आतंकी संगठन में शामिल होने के जा रहे थे। जिन्हें बीते दिनों पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह युवा कोकरनाग तहसील के सोफ और पंजगाम इलाके के रहने वाले थे।
एएसपी अनंतनाग अल्ताफ अहमद खान ने बताया कि ये सभी युवा आतंकी संगठनों में शामिल होने जा रहे थे। जानकारी मिलते ही हमने इनको हिरासत में लिया। पूछताछ करने के दौरान इन्होंने स्वीकार किया कि यह सभी आतंक की ओर रुख करने जा रहे थे।
इस दौरान भटके युवाओं की काउंसलिंग की गई। साथ ही उनसे मुख्यधारा में लौटने की अपील की गई। जिस पर वह राजी हो गए। इसके साथ ही पुलिस ने आज सभी को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया। सभी परिवारों ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
उक्त युवाओं को उनके परिवार को सौंपने के दौरान एएसपी अनंतनाग, एसडीएम कोकरनाग, एसपी ऑपरेशन्स सहित सुरक्षाबल मौजूद रहे।