रिंग रोड पर पंजाब रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त
- फोटो : अमर उजाला
बिशनाह रिंग रोड पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार पंजाब रोडवेज की बस क्रेन से टकरा गई। इस हादसे में क्रेन पर काम कर रहे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। यह हादसा बिशनाह के गांव महमूदपुर के पास रिंग रोड पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रिंग रोड पर क्रेन की मदद से खंभों पर सीसीटीवी और सोलर लाइट लगाने का काम चल रहा था और सड़क पर सुरक्षा चिन्ह भी लगाए गए थे। इसी दौरान अमृतसर से जम्मू जा रही पंजाब रोडवेज की बस (नंबर PB02EG4279) ने तेज रफ्तार में क्रेन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रेन पर काम कर रहे मजदूर 25 से 30 फीट नीचे गिर गए।
हादसे में मोहम्मद इमरान (27) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी सुमित कुमार और अमित कुमार घायल हो गए। मृतक मोहम्मद इमरान मूल रूप से जौनपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। हादसे के समय बस में करीब 20 से 30 यात्री सवार थे, जिनमें से आठ लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक कोई एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। रिंग रोड से गुजर रहे लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए घायलों को अपनी गाड़ियों में बैठाकर बिशनाह अस्पताल पहुंचाया। बाद में नेशनल हाईवे अथॉरिटी की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और कुछ घायलों को अस्पताल ले जाया गया। मृतक को भी निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।
बस में सवार यात्रियों ने हादसे का कारण ड्राइवर को नींद आना बताया, जबकि बस चालक का कहना है कि उसे हादसे के बारे में कुछ पता नहीं चला। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बिशनाह विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
उप जिला अस्पताल बिशनाह में उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई। बिशनाह पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।