मोदी के मिशन कश्मीर का आगाज करने रविवार को जम्मू पहुंचे अमित शाह सोमवार को सीमा से सटे गांवों का जायजा लेने पहुंचे।
शाह ने आरएस पुरा सेक्टर में सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार किए जा रहे सीजफायर उल्लंघन के चलते सीमांत गांवों से हुए पलायन और मौजूदा स्थिति का जायजा भी लिया।
शाह के सीमांत गांवों के दौरों पर नेशनल कांफ्रेस के प्रत्याशी ने अमित शाह पर पार्टी पॉलिटिक्स का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। जिस पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और नेकां के प्रत्याशी को खदेड दिया।
मोदी सरकार बार्डर के लोंगो के साथ
अमित शाह पाक फायरिंग से पीड़ित आरएस पुरा के फ्लोरा गांव भी गए। यहां पाक फायरिंग में घायल रोशनलाल के घर जाकर उनका हालचाल लिया और मदद का वादा किया।
अमित शाह ने कहा कि, 'भाजपा और मोदी सरकार बार्डर पर रहे लोगों के साथ है और उनकी हर संभव साहयता करेगी। गृहमंत्री ने बीएसएफ के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पाकिस्तान की फायरिंग का मुंह़तोड़ जवाब दे।'
इसके अलावा वे सीमांत गांवों से पलायन कर शिविरों में रह रहे लोगों से मिले और उनका हाल पूछा।
शाम चार बजे कठुआ में रैली
अमित शाह सबसे पहले सीमा से सटे सलेट गांव में पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश पार्टी के कई नेता भी मौजूद थे।
शाह ने अभी गांवों में रुके कुछ लोगों का हालचाल लिया और उन्हें हर संभव साहयता मुहैया करवाने का वादा किया।
अमित शाह शाम 4 बजे कठुआ पहुंचेगे जहां पर वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जहां पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग भाजपा में शामिल भी होंगे।