जम्मू। जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर ड्रोन हमले के बीच केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को जम्मू का दौरा कर बॉर्डर पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। जवानों से मिलकर उन्होंने हौसला बढ़ाया। साथ ही दुश्मन की किसी भी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान वे बीएसएफ मुख्यालय पहुंचे जहां अधिकारियों ने उन्हें जम्मू में बॉर्डर पर सुरक्षा की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। साथ ही उन्हें बॉर्डर पर सुरक्षा खतरे तथा चुनौतियों की जानकारी देते हुए बीएसएफ की तैयारियों के बारे में भी बताया गया। उन्हें सीमापार के खतरे को नाकाम बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों तथा प्रणालियों से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर प्रहरी सम्मेलन में उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी जवान अपने कर्तव्यों को बखूबी निभा रहे हैं। चाहे सीमापार से घुसपैठ हो, टनल बनाना हो, तस्करी हो या फिर ड्रोन की घुसपैठ। प्रथम लाइन के सीमा प्रहरी की जिम्मेदारी निभाते हुए वह हर प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि महिला प्रहरी भी पुरुषों के बराबर के उत्साह के साथ सीमा की सुरक्षा के लिए डटी हुई हैं।
सरकार ने बीएसएफ को उपलब्ध कराया अत्याधुनिक हथियार
उन्होंने हाल में जम्मू फ्रंटियर के दुश्मनों के नापाक इरादों को नापाक बनाने की कोशिशों की सराहना की। कहा कि सीमा पार से घुसपैठ रोकने के साथ ही भारी मात्रा में नशे की खेप की बरामदगी तथा भूमिगत सुरंग को खोज निकालना अच्छी उपलब्धि रही है। सांबा बॉर्डर पर सीमा पार से हथियार लेकर आए हेक्साकॉप्टर को मार गिराए जाने की भी उन्होंने प्रशंसा की। कहा कि प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री के प्रयास से बीएसएफ को अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि वह नई सुरक्षा चुनौतियों से निपट सके। साथ ही बीएसएफ जवनों के कल्याण के लिए आयुष्मान भारत, क्षमता विकास आदि कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इस अवसर पर आईजी एनएस जमवाल ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किया।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने मां वैष्णो देवी के दरबार में लगाई हाजिरी
कटड़ा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी शुक्रवार को सड़क मार्ग से कटड़ा पहुंचे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से सांझी छत के लिए रवाना हो गए। उन्होंने माता वैष्णो देवी के समक्ष माथा टेका और पूजा अर्चना की। दोपहर बाद वापस कटड़ा पहुंचे और जम्मू के लिए रवाना हो गए। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार ने कटड़ा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का स्वागत किया। सीईओ श्राइन बोर्ड ने तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए श्राइन बोर्ड द्वारा की गईं व्यवस्थाओं के बारे में बताया। संवाद