दो जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभाग श्रद्धालुओं की सुविधाओं और स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। एक्साइज विभाग ने लखनपुर में विशेष सुविधा फरहाम करने की तैयारी शुरू कर दी है। यात्रा के दौरान हर साल ट्रैफिक जाम की समस्या भी बनती है।
लेकिन इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रियों को जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। लखनपुर में बने नए टोल प्लाजा में इस बार अमरनाथ यात्रियों के वाहनों के लिए अलग से दो चैनल खोले जाएंगे। म्यूनिसिपल कमेटी भी कसबे की साफ-सफाई के साथ अन्य सुविधाओं को बनाने में जुटी हुई है। ट्रैफिक विभाग भी अतिरिक्त नफरी को तैनात कर श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा को सुनिश्चित करेगा।
राज्य के प्रवेशद्वार पर यात्रियों के स्वागत के लिए विभागों ने कमर कसना शुरू कर दी है। डीसी एक्साइज राजेश शर्मा ने बताया कि विभाग आम तौर पर चलने वाले चैनल के अतिरिक्त श्रद्धालुओं के लिए दो अतिरिक्त चैनल खोलने जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे श्रद्धालुओं को ज्यादा देर तक कतार में नहीं लगना पड़ेगा।
जाम की स्थिति से भी निजात मिलेगी। वहीं ट्रैफिक विभाग के अनुसार अमरनाथ यात्रा के लिए अतिरिक्त नफरी मंगवाने की तैयारी की जा रही है, ताकि लखनपुर कसबे में जाम की स्थिति न बने। श्रद्धालुओं के वाहनों को स्टीकर लगाकर आगे रवाना किया जाएगा। इससे उन्हें बार-बार चेकिंग के लिए रुकना नहीं पड़ेगा।
वहीं म्यूनिसिपल कमेटी के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि कमेटी की टीम बाजार की साफ-सफाई में जुट गई है। इसके अलावा दुकानदारों से रेट लिस्ट बाहर लगाने और सामान खुले में रखकर नहीं बेचने की हिदायत दी गई है।