अमरनाथ यात्रा 2015 के पंजीकरण के लिए स्वास्थ्य निदेशालय ने मेडिकल बोर्ड को फाइनल कर दिया है। जम्मू और कश्मीर संभाग के दर्जनों चिकित्सा केंद्रों में यात्रियों को कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट (सीएचसी) दिए जाएंगे। यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण से पहले सीएचसी बनाना अनिवार्य होगा।
स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया के अनुसार मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए मेडिकल बोर्ड को फाइनल कर दिया गया है और इसका ब्योरा श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को भेजा जा रहा है। आगामी दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के लिए देशभर के राज्यों और केंद्र शासित राज्यों में एक मार्च से यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो रही है।
इस बार करीब दो माह की यात्रा में पंजीकरण के लिए देशभर में लाखों श्रद्धालुओं के सीएचसी बनेंगे। जम्मू संभाग में सीएचसी बनिहाल, सीएचसी बटोत, सीएचसी कटड़ा, जिला अस्पताल डोडा, गवर्नमेंट अस्पताल गांधीनगर जम्मू, गवर्नमेंट अस्पताल सरवाल जम्मू, राजीव गांधी अस्पताल जम्मू, जिला अस्पताल कठुआ, जिला अस्पताल किश्तवाड़, जिला अस्पताल पुंछ, जिला अस्पताल राजोरी, जिला अस्पताल रामबन, जिला अस्पताल रियासी, जिला अस्पताल सांबा, जिला अस्पताल उधमपुर, इमरजेंसी अस्पताल विजयपुर में मान्यता प्राप्त डाक्टरों की ओर से यात्रियों को सीएचसी जारी किए जाएंगे।
कश्मीर संभाग में अनंतनाग, बांडीपोरा, बारामुला, बडगाम, गांदरबल, हंदवाड़ा, कुलगाम, पुलवामा, काजीकुंड, शोपियां, श्रीनगर, यारीपोरा आदि में डाक्टरों की ओर से सीएचसी जारी होंगे।