वैष्णो देवी के दर्शन को जाने वाले भक्तों को नि:शुल्क लंगर
- फोटो : अमर उजाला
वैष्णो देवी के दर्शन को जाने वाले भक्तों को अब यात्रा मार्ग पर नि:शुल्क लंगर की सुविधा मिलेगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने वीरवार को कटड़ा से अर्द्धकुंवारी के बीच बनाए गए ताराकोट मार्ग पर इस सुविधा की शुरुआत की। यह सुविधा पूरे वर्ष नि:शुल्क उपलब्ध होगी।
लंगर का शुभारंभ करते हुए श्राइन बोर्ड के सीईओ सिमरनदीप सिंह, अतिरिक्त सीईओ विवेक वर्मा सहित बोर्ड के अन्य कर्मियों ने मुंबई से आए कुछ यात्रियों को भोजन परोस कर किया।
-लंगर भवन में 200 लोगों को बैठने की सुविधा
लंगर की शुरुआत ताराकोट मार्ग पर श्राइन बोर्ड द्वारा बनाए गए भोजनालय पर की गई, जिसमें एक समय में दो सौ यात्रियों के बैठने की सुविधा है। रसोई घर को भी सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
-एक दिन में 8500 लोगों को मिलेगा भोजन
लंगर में एक दिन में 8500 भक्तों को भोजन कराने का लक्ष रहेगा। भोजनालय स्थल पर बर्तन साफ करने के लिए विशेष प्रबंध किया गया है। इस लंगर में राज्य का ट्रेडिशनल भोजन दिया जाएगा।
-यात्री कर सकते हैं आर्थिक सहयोग
लंगर में सहयोग देने के लिए यात्रियों के लिए डोनेशन बाक्स भी बनाए गए हैं तथा यात्री ऑनलाइन भी डोनेशन दे सकते हैं।
-पीएम ने पिछले वर्ष किया था इस मार्ग का उद्घाटन
गौरतलब है कि ताराकोट मार्ग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले वर्ष 19 मई को किया गया था।