- बैसाखी से तवी महोत्सव की शुरुआत, 20 लाख से रिवर फ्रंट पर होगा भव्य आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस बार अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक खास और यादगार अनुभव तैयार किया जा रहा है। तवी रिवर फ्रंट पर भव्य महाआरती के साथ-साथ श्रद्धालु नौका विहार (बोटिंग) का आनंद ले सकेंगे।
नगर निगम ने योजना को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। स्मार्ट सिटी अधिकारियों के अनुसार इस पूरी पहल की शुरुआत बैसाखी पर्व से स्वच्छ तवी महोत्सव के रूप में की जाएगी। नगर निगम इसके लिए निजी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपेगा। इसके लिए करीब 20 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। संबंधित एजेंसी को महोत्सव कार्यक्रम में मंच सजाने, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइटिंग, प्रचार-प्रसार और अन्य व्यवस्थाएं करनी होंगी। नौका विहार की सुविधा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। विभाग के अनुसार इस कार्य के लिए गोवा की एक अनुभवी टीम को जिम्मेदारी दी जा सकती है ताकि अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को बेहतर और सुरक्षित अनुभव मिल सके।
इस पहल का उद्देश्य जम्मू को धार्मिक पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। तवी महाआरती और नौका विहार जैसे आयोजनों से न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक सुकून मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अमरनाथ यात्रा के दौरान इस पहल से जम्मू आने वाले श्रद्धालुओं को एक अलग और आकर्षक अनुभव मिलने की उम्मीद है।
- डॉ. देवांश यादव, आयुक्त, नगर निगम जम्मू