निशुल्क चिकित्सा शिविर में रोजाना 80 से 90 साधुओं को दी जा रहीं रोग प्रतिरोधक दवाइयां
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर प्रशासन अमरनाथ यात्रियों को हर संभव मदद मुहैया करवाने के प्रयास कर रहा है। आयुष विभाग ने गीता भवन में साधु-संतों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया है। इसमें रोजाना 80 से 90 साधु-साध्वियां स्वास्थ्य की जांच करवा रही हैं। साथ ही हर रोज योग करवाया जा रहा है।
आयुष विभाग चाय की जगह रोग प्रतिरोध बूस्टर दे रहा है। डॉ. विपिन के अनुसार इस बूस्टर के सेवन से सांस संबंधी बीमारियां दूर होती हैं। सुबह-शाम साधु-संतों को काढ़ा पिलाया जा रहा है। गीता भवन में हर तरह की दवाई है। ज्यादातर गैस की समस्या, दर्द की दवा, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की दवाई, सांस लेने में दिक्कत न हो इसके लिए निशुल्क दवाई दी जा रही है।
-
राम मंदिर साधु सिलाल ने बताया
तुलसी माला पहनने के महत्व
जम्मू। पुरानी मंडी के राम मंदिर में वृंदावन से पहुंचे साधु सिलाल मनन ने 15 तुलसी की मालाएं धारण की हैं। वह बताते हैं कि महीने में एकादशी के दिन ही मालाएं उतारते हैं। माला को स्नान करवाकर वापस धारण कर लिया जाता है। उनके अनुसार जितनी बार गोवर्धन की यात्री की, उतनी बार ही तुलसी की माला पहनी है। यह माला पहने से अकाल मृत्यु नहीं होती। इसमें इंद्रदेव के वज्र का भी प्रहार सहने की शक्ति होती है। तुलसी के पत्ते खाने से कई बीमारियां दूर होती हैं और अर्क भी शरीर के लिए लाभदायक होता है। संवाद