श्री अमरनाथ यात्रा 2023 के लिए तैयारियां तेज की गई हैं। अग्रिम यात्री पंजीकरण प्रक्रिया के साथ मई के आखिरी सप्ताह से शिवभक्तों के लिए हेलिकॉप्टर ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू की जा रही है। इसमें बालटाल, पहलगाम और श्रीनगर रूट के लिए हेलिकॉप्टर सेवा चलेगी।
इस सेवा से खासतौर पर बीमार, बुजुर्ग लोगों को राहत मिलती है। जिससे उनका अमरनाथ यात्रा का सफर सुगम बनता है। इस साल हेलिकॉप्टर सेवा के लिए पिछले साल की दर्रे लागू होने की संभावना है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार अग्रिम यात्री पंजीकरण में भी एक लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण करवा लिया है।
हेलिकॉप्टरों की बुकिंग मान्यता प्राप्त एजेंटों और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन की जाती है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार पिछले साल की हेलिकॉप्टर सेवा प्रदाताओं से अनुबंध का विस्तार किया गया है। बालटाल रूट के लिए नीलग्रथ-पंजतरणी-नीलग्राथ का रूट रहता है।
इस रूट के लिए ग्लोबल वैक्ट्रा हेलीक्रॉप लिमिटेड और एरो एयरक्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड की सेवाएं ली जा रही हैं। पिछले साल की दरों की बात करें तो इसमें एक तरफ से यात्रियों से 2800 रुपये और दोनों रूटों के लिए 5600 किराया लिया गया था। इसी तरह पहलगाम से पहलगाम-पंजतरणी-पहलगाम रूट रहता है।
इस रूट के लिए हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की सेवाएं ली जा रही हैं। इसमें पिछले साल एक तरफ के लिए 4200 और दोनों तरफ के लिए 8400 रुपये किराया निर्धारित किया गया था। इसके अलावा श्रीनगर रूट के लिए आपरेटर एम/एस पवन हंस लिमिटेड की सेवाएं ली जाएंगी।
इसमें श्रीनगर-पहलगाम-श्रीनगर रूट के लिए पिछले साल 10800 और श्रीनगर-नीलग्राथ-श्रीनगर रूट के लिए 11700 रुपये किराया निर्धारित किया गया था। श्राइन बोर्ड के पास बड़ी संख्या में किराये को लेकर यात्रियों द्वारा जानकारी मांगी जा रही है। बताया जा रहा है कि लगभग पिछले साल की तरह ही हेलिकॉप्टर सेवा के लिए दर्रे जारी होंगी।