श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जम्मू शहर के 33 स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन की ओर से हरेक विश्राम गृह के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के ठहरने के अलावा लंगर की भी व्यवस्था होगी।
जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है, उनमें आधार शिविर भगवती नगर यात्री निवास, सरस्वती धाम रेलवे स्टेशन जम्मू, वैष्णवी धाम रेलवे स्टेशन जम्मू, लक्ष्मी नारायण मंदिर गांधी नगर, बांके बिहारी मंदिर, गोरखा मंदिर नानक नगर, शिव मंदिर मिनी मार्केट रेलवे स्टेशन, अग्रवाल सभा विवेकानंद चौक जम्मू, गुरु रविदास मंदिर कृष्णा नगर, प्राचीन हनुमान मंदिर मांडा, त्रिकुटा यात्री निवास अम्बफला, राम मंदिर पुरानी मंडी, सनातन धर्म सभा गीता भवन जम्मू, रघुनाथ मंदिर रघुनाथ बाजार, डोगरा सदर सभा डोगरा हॉल, ब्राह्मण सभा परेड, जंडियाल बिरादरी कम्यूनिटी हॉल गोल गुजराल, राजपूत सभा पुरानी मंडी शामिल है।
इसके साथी ही भोले के भक्त हॉर्टीकल्चर गेस्ट हाउस नरवाल, जैन सभा, स्कास्ट गेस्ट हाउस रेलवे स्टेशन, सर्वशक्ति चंडी माता मंदिर धम्मी नगरोटा, जेडीए क्लब रूप नगर, तवी महल उदयवाला, पीरखो मंदिर, आरटीओ बिल्डिंग भलवाल, खजुरिया बिरादरी सभा बाहु फोर्ट, जैन सभा गांधी नगर, हरि भवन सराय धर्म ट्रस्ट, सराय झिरी, योग आश्रम गोल गुजराल, राधा स्वामी सत्संग हॉल बनतलाब, राधा स्वामी सत्संग हॉल आरएस पुरा और राधा स्वामी सत्संग हॉल चक मैनी मढ़ में रुक सकेंगे।
तत्काल पंजीकरण के लिए जम्मू शहर में आज मिल रहे टोकन
जम्मू शहर में तत्काल पंजीकरण के लिए पांच केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें वैष्णवी धाम, पंचायत भवन और शालामार स्थित महाजन सभा में तीर्थ यात्रियों और श्रीराम मंदिर पुरानी मंडी व गीता भवन परेड में साधु संतों के लिए तत्काल पंजीकरण किया जाएगा। तत्काल पंजीकरण के लिए बुधवार सुबह टोकन जारी होंगे और गुरुवार को इन तीर्थ यात्रियों का निर्धारित कोटे के मुताबिक तत्काल पंजीकरण किया जाएगा।