आधार शिविर बालटाल में यात्रियों से फीडबैक लेते उपराज्यपाल मनोज सिन्हा
- फोटो : पीआरओ
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को बालटाल आधार शिविर का दौरा कर अमरनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने तीर्थ यात्रियों, पोनी वालों, स्वयंसेवकों और अधिकारियों से यात्रा से जुड़ा फीडबैक लिया। कहा सरकार ने इस बार सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। अधिकारियों को यात्रा मार्ग और आधार शिविर के साथ ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता अभियान का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उपराज्यपाल ने नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया
उपराज्यपाल ने नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त गांदरबल ने बिजली, पानी की आपूर्ति, स्वच्छता, शौचालय इकाइयों, ग्रामीण हाट, स्ट्रीट लाइट, पशु चिकित्सा सेवाओं, फायर टेंडर, यातायात की स्थिति आदि व्यवस्थाओं के बारे में बताया।
पर्याप्त मोबाइल आक्सीजन यूनिट स्थापित किए गए
बताया गया कि विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त मोबाइल आक्सीजन यूनिट स्थापित किए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों पर कर्मियों और मशीनरी को तैनात किया गया है। यात्रियों, हितधारकों और लंगर प्रबंधन समितियों से बातचीत में उपराज्यपाल ने यात्रा के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षित आध्यात्मिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
तीर्थ यात्रियों से फीडबैक लेगा श्राइन बोर्ड
श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) अब सुविधाओं में सुधार के लिए तीर्थ यात्रियों से फीडबैक मांगेगा। एसएएसबी ने सोमवार को एसएमएस सेवा द्वारा पिलग्रिम फीडबैक सर्विस (पीएफ एस) शुरू की है। केवल वो यात्री फीडबैक दे पाएंगे जो यात्रा संपन्न कर लौटे हैं।
- अधिकारी ने कहा कि सुविधाओं के निरंतर उन्नयन के लिए फीडबैक ली जा रही है। लोग सुझाव और टिप्पणी के अलावा शिविरों में समग्र यात्रा सुविधाओं, आवास, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर अपने अनुभव साझा कर सकते हैं।