डीजीपी के आश्वासन पर श्री अमरनाथ यात्रा के बालटाल-दोमेल मार्ग पर शनिवार को 34 लंगरों को दोबारा शुरू कर दिया गया। बालटाल में शुक्रवार बीती देर रात तक चली बैठक में आईजीपी कश्मीर जेएम जिलानी ने लंगर कमेटियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शीघ्र मुख्यमंत्री से बैठक करवाकर लंगर कमेटियों की समस्याओं के समाधान पर काम किया जाएगा।
उन्होंने मौके पर कमेटी सदस्यों की डीजीपी से बात करवाई। जिसके बाद कमेटी सदस्य शांत हुए। हालांकि उन्होंने साफ किया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो उनके पास लंगरों को बंद करने के सिवा कोई रास्ता नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दोमेल में तीन लंगरों पर पुलिस की तोड़फोड़ के विरोध में दोमेल-बालटाल के बीच सेबलो (श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गनाइजेशन) के अधीन चल रहे 34 लंगरों को बंद कर दिया गया था।
लंगर कमेटियों का आरोप था कि पुलिस कर्मियों ने स्थानीय प्रशासन की मदद से बिना कोई नोटिस दिए लंगरों में तोड़फोड़ की। सेबलो के महासचिव राजन गुप्ता के अनुसार डीजीपी के आश्वासन पर अस्थायी तौर पर लंगर शुरू किए गए हैं। लंगर कमेटियां निस्वार्थ भाव से शिव भक्तों की सेवा कर रही हैं। लेकिन उन्हें बेवजह तंग किया जा रहा है।