बताया जाता है कि राइट्स की ओर से सरकार को रिपोर्ट देने के बाद दिसंबर के पहले हफ्ते में रोपवे को लोगों को समर्पित करने की तैयारी है। 75 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में पीरखो-महामाया और बाहु-महामाया रोपवे का सफल ट्रायल हो चुका है। अब तक पीरखो-महामाया पर 400 घंटे और बाहु-महामाया रोपवे पर 516 घंटे ट्रायल रन किया जा चुका है। रोजाना यह प्रक्रिया 3-4 घंटे की जा रही है।
केबल कार प्रोजेक्ट ने किराया तय कर दिया है। बाहु से महामाया के लिए एक तरफ 200 रुपये और दोनों तरफ का 300 रुपया किराया तय किया गया है। इसी तरह पीरखो-महामाया में एक तरफ 300 रुपये और दोनों तरफ के लिए 500 रुपया किराया तय किया गया है।
एक केबिन में बैठ सकेंगे छह लोग
बाहु-महामाया रोपवे दो टावरों पर स्थित है और इसमें 8 केबिन लगाए गए हैं। जबकि पीरखो-महामाया रोपवे 7 टावरों पर स्थापित है और इसमें 14 केबिन लगाए गए हैं। प्रत्येक के बिन में एक समय 6 लोग बैठ सकेंगे। इस प्रोजेक्ट को वर्ष 2012 में मंजूरी मिली थी। इसके बाद 2015 में इस पर काम शुरू किया गया और वर्ष 2016 में फास्ट ट्रैक पर काम को आगे बढ़ाया गया। दोनों रोपवे में जर्मनी, तुर्की, अस्ट्रिया की अत्याधुनिक उपकरण व सामग्री लगाई गई है। रोपवे के लिए स्विरजरलैंड से आए केबिन लगाए गए हैं।
बाहु, महामाया और पीरखो स्टेशन पर बच्चों के लिए किड्स जोन बनाया गया है। इसमें खेलकूद के साथ झूले आदि लगाए जाएंगे। किड्स जोन के ऊपर रेस्टोरेंट बनाए गए हैं, जिसमें लोग लजीज व्यंजनों का लुत्फ ले सकेंगे। रेस्टोरेंट के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है, जबकि किड्स जोन को पीपी मोड पर शुरू किया जाएगा।
तवी में रेत खनन चुनौती
जम्मू रोपवे के टावरों को सुरक्षित रखने के लिए तवी में नियमित रूप से हो रहा रेत खनन चुनौती बना हुआ है। तवी में प्रतिबंध के बाद टावरों के पास से रेत माफिया खुलेआम रेत उठा रहे हैं। इसके लिए प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया गया है। टावरों के पास से रेत निकालने के कारण उनकी सुरक्षा को खतरा बना रहता है। इसके अलावा पीरखो रोपवे स्टेशन के बिल्कुल सटा बह रहा बड़ा नाला भी चुनौती बना हुआ है। अभी तक नाले को कवर या डायवर्ट नहीं किया गया है।
पर्यटकों को लुभाएगा रोपवे
जम्मू रोपवे स्थानीय और देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को लुभाएगा। सभी काम पूरे कर लिए गए हैं। दिसंबर में इसे शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे जम्मू की ओर पर्यटकों को आकर्षित करने की दिशा में सकारात्मक बदलाव आएगा। - शमीम अहमद वानी, एमडी, जेएंडके केबल कार कॉरपोरेशन, जम्मू