अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से करवाई गई वार्षिक सुनील पाधा मेमोरियल ज्ञान प्रतियोगिता में बीबीएसवी पीठ, उधमपुर कक्षा बारहवीं के जय विकास ने 11वीं-12वीं वर्ग में सर्वाधिक 79 अंक बटोरकर ओवरआल टॉपर बनने का खिताब अपने नाम किया।
इसी तरह नेशनल एकेडमी कठुआ की दसवीं कक्षा की शिफाली 67 अंक लेकर 9-10वीं कक्षा वर्ग में टॉपर रही। संभाग भर में आयोजित प्रतियोगिता में हजारों विद्यार्थियों ने शिरकत की थी। 11-12वीं कक्षा वर्ग में सेंट जेवियर कान्वेंट, कठुआ के छात्र अनमोल सलारिया और सिद्धांत जंबाल ने क्रमश: 77 व 76 अंक लेकर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं, 75, 75, 73 अंकों के साथ ओरियंटल एकेडमी जम्मू के अविनाश ठाकुर, बीबीएसवी पीठ उधमपुर के विजय लक्ष्मी और लिटिल एंजिल हायर सेकेंडरी कठुआ के अखिल जसरोटिया चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे। नौवीं और 10वीं कक्षा वर्ग में नेशनल एकेडमी कठुआ की पूजा शर्मा ने 66 अंकों के साथ दूसरा और लिटिल एंजिल हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ के रमण सिंह 65 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
स्प्रिंग डेल्स इंग्लिश स्कूल कठुआ के संजय चौथे, लिटिल एंजिल हायर सेकेंडरी कठुआ की रुही शर्मा पांचवें और क्रिस्ट स्कूल पुंछ के रुपमवीर सिंह छठे स्थान पर रहे। इस दौरान राज्य प्रधान डा. वीरेंद्र कुंडल ने विजेताओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें नकद पुरस्कारों से पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में 60 प्रतिशत से ऊपर अंक लेने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट आफ मेरिट दिया गया।
बच्चों ने विभिन्न खेलों में पदक बटोरे
केंद्रीय विद्यालय एक गांधीनगर में मंगलवार को हुए वार्षिक खेल दिवस में विभिन्न स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने पदक बटोरे। उन्होंने दिखाया कि अगर उन्हें प्रोत्साहन मिले तो वे कई बुलंदियों को छू सकते हैं।
इस दौरान प्राइमरी बच्चों के लिए 100 मीटर, थ्री लेग रेस, सैक रेस, बाधा दौड़, लेमन रेस आदि का आयोजन किया गया। इसी तरह सेकेंडरी कक्षा के लिए अंडर 14 और 19 आयु वर्ग में कबड्डी मुकाबले आयोजित किए गए। विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से नवाजा गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छटा बिखेरी। इससे पूर्व स्काउट एंड गाइड के बच्चों ने मार्च पास्ट किया। वक्ताओं ने स्कूल की अकादमिक और अन्य दूसरी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
गोवा में घाटी के खिलाड़ियों ने पदक बटोरे
गोवा में हुई पांचवीं अंतर्राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जेएंडके शितो राय कराटे डू एसोसिएशन के बैनर तले प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए। विजेता खिलाड़ियों ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और जीत दर्ज की। पदक पाने वालों में विशेष पंडिता, युद्धवीर राधा, श्रेया लाबरू, नरेश कुमार, रविता नंदन, नीरज सिंह, रक्षित, नुमान अख्तर मलिक, निखिल गंडोत्रा, मोहित सिंह आदि शामिल रहे।