कश्मीर के सामाजिक संगठन ऑल जेके यूथ सोसाइटी ने रविवार को श्रीनगर के टैगोर हॉल में एक मेगा फैशन शो का आयोजन किया। जिसमें दर्जनों युवक-युवतियों ने मॉडल, डिजाइनर, डांसर, रैपर और स्टैंड अप कॉमेडियन के रूप में भाग लिया। इस दौरान कई खास लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने फैशन डिजाइनर और मॉडलिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंच पर रैंप वॉक, बॉलीवुड डांस, रैप बैटल और स्टैंडअप कॉमेडी का भी जादू बिखेरा। ऑल जेके यूथ सोसाइटी के अध्यक्ष साजिद यूसुफ ने कहा कि यह पहला फैशन शो है, जहां मॉडल, डिजाइनर स्थानीय हैं और जज मुंबई फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर हस्तियां थीं।
संगठन के उपाध्यक्ष याना मीर ने कहा कि स्थानीय प्रतिभाशाली युवक और युवतियां डर और सामाजिक कुरीतियां की सभी बाधाओं को तोड़ रहे हैं। कश्मीर से बाहर निकलकर दुनिया में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश कश्मीरी कलाकारों, मॉडलों और डिजाइनरों का ग्लैमर की दुनिया में स्वागत करने के लिए खुले हाथों से इंतजार कर रहा है।