पश्चिम विक्षोभ से रियासत के मौसम ने रविवार को करवट बदल ली। राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहे और कुछ एक ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी भी हुई। मौसम विभाग की माने तो देररात से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला कई इलाकों में शुरू हो सकता है। सोमवार दस दिसंबर को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 12 दिसंबर तक मौसम खराब ही बना रहेगा और जम्मू, कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र के कई हिस्सों में बारिश के साथ बर्फ बारी होगी। जम्मू में रविवार सुबह धूप खिली लेकिन दोपहर आते आते आसमान पर बादल गहराना और ठंडी हवाएं चलना शुरू हो गई। ऐसा ही सिलसिला उधमपुर व संभाग के अन्य जिलों में रहा। कश्मीर और लद्दाख के भी अधिकतर जिलों में बादल छाएं हुए हैं और किसी भी समय बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है।
बिगड़ रहे मौसम के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल रोड, श्रीनगर-कारगिल और लेह मार्ग पर मार पड़ने की आशंका बन गई है। हालांकि जम्मू और कश्मीर के मंडलायुक्त प्रशासन की ओर से संबंधित जिला उपायुक्तों को आपात के उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।