जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के काेरोना जांच की रिपोर्ट देखते सुरक्षाकर्मी।
- फोटो : (फाइल) पीटीआई
दिल्ली सहित कई राज्यों में कोविड संक्रमण के बढ़ते प्रसार के बाद जम्मू-कश्मीर में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। बाहर से आने वाले यात्रियों व नियमित तौर पर कोरोना संक्रमित मामलों की निगरानी की जा रही है। खासतौर पर प्रभावित राज्यों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर है। जम्मू-कश्मीर में भी संक्रमण मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है।
जम्मू-कश्मीर में भी एहतियात बरती जा रही
बीते दिन प्रदेश में कई दिनों बाद 13 संक्रमित मामले मिले। इनमें जम्मू संभाग से ही दस मामले थे। देश के कई राज्यों में कोविड प्रसार में थोड़ी बढ़ोतरी होने के बाद जम्मू-कश्मीर में भी एहतियात बरती जा रही है। हालांकि वर्तमान में जम्मू एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर किसी तरह के कोविड परीक्षण नहीं हो रहे, लेकिन बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर टेस्टिंग जारी है।
दूसरी खुराक देने की प्रक्रिया जारी
जम्मू-कश्मीर में आगामी दिनों अमरनाथ यात्रा का भी आगाज होने वाला है। बरसात में कोविड के साथ डेंगू जैसी बीमारियों की चुनौती बढ़ जाती है। प्रदेश में अंडर-18 से अधिक आयु वर्ग में लगभग कोविड टीकाकरण पूरा कर लिया गया है, जबकि 14 से 17 आयु वर्ग के किशोरों में लगभग पहले टीके की खुराक को पूरा करने के साथ दूसरी खुराक देने की प्रक्रिया जारी है।
बच्चों में टीकाकरण अभियान जारी
इसी तरह 12 से 14 आयु वर्ग में बच्चों में टीकाकरण अभियान जारी है। टीकाकरण से काफी हद तक कोविड संक्रमण रोकने में मदद मिली है। मौजूदा जो लोग संक्रमित हो रहे हैं वे अधिकांश मामले सामान्य हैं और लोग घरों पर ही ठीक हो रहे हैं।
संक्रमित मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा
स्वास्थ्य निदेशक जम्मू (डीजी) डॉ. सलीम उर रहमान का कहना है कि कोविड को लेकर हमारी निगरानी जारी है। संक्रमित मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है, जो मामले मिल रहे हैं वे भी अधिक गंभीर नहीं हैं। कोविड टीकाकरण से मानव शरीर में संक्रमण से लड़ने की क्षमता बढ़ी है।