-परगवाल में मेरा माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत निकाली गई कलश यात्रा
परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल में वीरवार को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत विभिन्न पंचायतों से कलश यात्रा ढोल नगाड़ों के साथ खंड विकास कार्यालय पहुंची और शहीदों के गांव से मिट्टी एकत्रित की। इस मिट्टी में अब दिल्ली में बनने वाली अमृत वाटिका के पौधे पनपेंगे। इन पौधों पर शहीदों की बहादुरी की मिसालों के फूल खिलेंगे।
मिट्टी संग्रह यात्रा के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी गई। कार्यक्रम में डीडीसी के वाइस चेयरमैन सूरज सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कहा कि देश के कोने-कोने से 7500 कलशों में मिट्टी लेकर अमृत कलश यात्रा दिल्ली पहुंचेगी। यात्रा में शामिल लोग अपने साथ देश के विभिन्न हिस्सों से पौधे भी लेकर जाएंगी। 7500 कलशों में आने वाली मिट्टी और पौधों को मिलाकर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के पास अमृत वाटिका का निर्माण होगा। यह अमृत वाटिका एक भारत श्रेष्ठ भारत का भी भव्य प्रतीक बनेगी। इस मौके पर देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। इसमें तहसीलदार मनजीत सिंह, कमांडेंट 46 वाहिनी बीएसएफ एसके शास्त्री, वीडीओ वरिंदर कुमार, प्रिंसिपल बलबीर सूदन, बीडीसी चेयरमैन निशा कुमारी, जेडईओ रीता शर्मा, चौकी प्रभारी दीप शर्मा, सरपंच भूपेन्द्र सिंह, सरपंच राम स्वरूप, सरपंच जसपाल सिंह समेत कई लोग उपस्थित रहे।