अखनूर। कुख्यात अपराधी शम्मा गुज्जर वीरवार को पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हत्या के प्रयास, लूट, मवेशी तस्करी और नशा तस्करी सहित कई संगीन मामलों में वांछित शम्मा की गिरफ्तारी के लिए अखनूर थाना क्षेत्र के कोटगड़ी में चिनाब नदी किनारे विशेष ऑपरेशन चलाया गया था। अगने दिन अपराधी को कानाचक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को इनपुट मिला था कि शम्मा इसी क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसी आधार पर सांदवा चौकी प्रभारी राज सिंह के नेतृत्व में टीम ने अखनूर पुलिस के सहयोग से इलाके में छापेमारी की। मगर जैसे ही पुलिस ने शम्मा को काबू करने का प्रयास किया, पास के डेरों में रहने वाले विशेष समुदाय के लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। अराजक स्थिति के बीच शम्मा और उसके साथियों ने तेजधार हथियारों से पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। झड़प में चौकी प्रभारी राज सिंह को हल्की चोटें लगीं। स्थिति गंभीर होती देख पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में हवा में गोलियां चलाकर किसी तरह जान बचाई। इसके बाद शम्मा मौके का फायदा उठाकर एक से चिनाब नदी पार कर राजपुरा की ओर फरार हो गया। अखनूर थाने में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को जम्मू रूरल पुलिस ने बताया कि कानाचक पुलिस ने अलग अभियान में शम्मा गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद