मट्टू वेलफेयर कमेटी की ओर से निर्मित काईमाई मिनी स्टेडियम युवाओं को समर्पित
कार्यक्रम में 17 बुजुर्गाें को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। सरकार की बेरुखी देख कर खेल प्रेमी मट्टू के ग्रामीणों ने कमाल कर दिखाया है। उन्होंने आपसी सहयोग से गांव की 12 कनाल भूमि (शामलात) पर मिनी स्टेडियम का निर्माण कर बुधवार को इसे युवाओं को समर्पित कर दिया। इससे ग्रामीणों खास कर युवाओं में काफी उत्साह है। अब उन्हें अभ्यास के लिए अन्य गांवों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
खौड़ उपजिले के गांव मट्टू के ग्रामीणों की तरफ से गांव के बच्चों के लिए अपने बलबूते निर्मित मिनी स्टेडियम का बुधवार को शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन बुजुर्ग साधू राम ने किया है। गांव मट्टू में खेल मैदान की लोगों खास कर युवाओं को कमी खल रही थी। इसके चलते ग्रामीणों ने सरकार और अधिकारियों के पास काफी गुहार लगाई। लेकिन सुध नहीं लेने पर उन्होंने खुद ही गांव में बच्चों के विकास के लिए मैदान बनाने की ठानी। इसके लिए गांव की ही 12 कनाल शामलात भूमि का चयन किया गया। साथ ही आपसी सहयोग से छह से सात माह में मिनी स्टेडियम का निर्माण कर दिया। इसका बुधवार को उद्घाटन हुआ है। इस खेल मैदान को काईमाई मिनी स्टेडियम नाम दिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार एक निजी कंपनी नेचर वाॅयोफूड ने चार लाख रुपये की मदद दी है। उद्घाटन समारोह में नेचर वाॅयोफूडस कंपनी के अधिकारी, कुमार विवेक साही, दीपक कुमार, एल टी फाउंडेशन के चेयरमैन ओम प्रकाश, कोषाध्यक्ष सात पाल मट्टू सहित ग्रामीण शाम सिंह चौधरी, नंबरदार खैरू राम, कैप्टन रोशन लाल, एसएम रघुबीर सिंह, कैप्टन सुभाष सिंह नगेयाल, कैप्टन सूरज सिंह, नायब सरपंच कुलबीर सिंह, हवलदार जसबीर सिंह, राजू नगेयाल, करनैल सिंह कैला, अंकुश चौधरी और अवतार सिंह मट्टू आदि मौजूद रहे।
17 बुजुर्गाें को किया सम्मानित
इस मौके पर गांव की वेलफेयर कमेटी की तरफ से 17 बुजुर्गाें को समानित भी किया गया। इनमें साधू राम चौधरी, मास्टर भगवान सिंह, गिरधारी सिंह चौधरी, बरीता राम चौधरी, अजीत सिंह चौधरी, काका राम चौधरी, मास्टर लखिया राम चौधरी, खैरू राम चौधरी, बचन सिंह चौधरी, महेंद्र सिंह चौधरी, परमानंद, शेर सिंह चौधरी, अमरनाथ, बन्सी लाल, बावा पंडित, सूरज प्रकाश शर्मा, देस राज, मेजर जमीत सिंह आदि शामिल रहे। बुजुर्गाें ने इस मौके पर युवाओं को सुझाव भी दिए।