परगवाल में शहीद स्मारक कमेटी की ओर से हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
परगवाल। सीमावर्ती क्षेत्र परगवाल में बुधवार को शहीद स्मारक कमेटी की ओर से एक कार्यक्रम हुआ, जिसमें 76वीं पुण्यतिथि पर शहीद कैप्टन गंधर्व सिंह मन्हास को याद किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में लोगों, सैन्य अधिकारियों और शहीद के परिजनों ने हिस्सा लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गंधर्व आर्मी विद्यालय में हुए इस कार्यक्रम में रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल प्रदीप सिंह मेहता मुख्य और सेना की मोलू बटालियन के कर्नल संदीप सिंह व रिटायर्ड कर्नल जितेंद्र सिंह विशेष अतिथि थे। कैप्टन गोपाल शर्मा ने शहीद के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए हजारों सालों से कुर्बानियां देते आ रहे हैं, जिसकी मिसाल गंधर्व सिंह मन्हास हैं। उन्होंने 25 अक्तूबर 1947 को भिवंर में छोटी सी सैन्य टुकड़ी के साथ कबायलियों से लोहा लेते हुए शहादत पाई थी।
इस अवसर पर मिडिल स्कूल पिंडी के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। शहीद के परिजनों ने वीर नारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बीडीसी चेयरमैन निशा कुमारी, नायब तहसीलदार सुभाष चंद्र, प्रिंसिपल बलवीर सूदन, सरपंच राम स्वरूप शर्मा, सरपंच जसपाल सिंह, सरपंच ओम प्रकाश, प्रीतम सिंह मन्हास, प्रकाशी देवी, प्रवीण सिंह और नितिन शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।