एसडीएम ने बंदराल खुर्द में जनता दरबार लगा कर सुनी समस्याएं, दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। चौकी चौरा क्षेत्र के बंदराल खुर्द में एसडीएम वीरेंद्र गुप्ता ने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं सुनीं। वहीं, अधिकारियों को जल्द कदम उठाने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने एनएच 144 अखनूर-पुंछ राजमार्ग के साथ सड़क-संपर्क का ज्वलंत मुद्दा उठाया। एसडीएम ने तुरंत इंफ्रा आरएंडसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को बुला कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। पंचायत के वार्ड 3 और 5 में लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए बिजली विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता को मामले पर गंभीरता दिखाने के लिए कहा। पंचायत सदस्यों ने विभिन्न संपर्क सड़कों के निर्माण की मांग उठाई गई, जिस पर एसडीएम ने मनरेगा योजना के तहत इसका निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी से बात की।
उचित मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या पर तहसीलदार चौकी चौरा ने बताया कि बंदराल खुर्द में बीएसएनएल टॉवर के निर्माण के लिए भूमि की पहचान की गई है, जिसके भूमि-पत्र पहले ही उच्च अधिकारियों को सौंपे जा चुके हैं। एसडीएम ने बंदराल खुर्द पंचायत के वार्ड नंबर 1, 5, 6 और 7 में उचित नल-कनेक्शन सुनिश्चित करने के लिए कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम ने टीम सहित सरकारी गतिविधियों का जायजा लिया। मिडिल स्कूल बंदराल खुर्द में छात्रों को खेल सामग्री वितरित की गई। आंगनबाड़ी केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया गया और कार्य में उचित रिकॉर्ड न रखने की गंभीर चूक पाई गई। मामले को तत्काल सीडीपीओ अखनूर के ध्यान में लाया गया। इस मौके पर तहसीलदार चौकी चौरा डॉ. रमन जंडियाल, बिजली विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता शंकर मन्हास, तहसील आपूर्ति अधिकारी सिराज-उद-दीन आदि मौजूद रहे।