पंचायत गंगाल में जनता दरबार लगा कर सुनीं समस्याएं, योजनाओं की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। एसडीएम चौकी चौरा वरिंदर गुप्ता ने पंचायत गंगाल में जनता दरबार लगा कर लोगों की समस्या का निपटारा किया गया है। साथ ही अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का निदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए ही जनता दरबार लगा रहा है, ताकि उन्हें किसी काम के लिए भटकना ना पड़े। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा व चिकित्सा संबंधित शिकायतों को जल्द दूर किया जाएगा।
जनता दरबार में कड़याल, चडयाल, फागल, गंगाल व नरराह गांव के लोगों ने समस्याओं को उजागर कर निदान की अपील की। इसमें कड़याल में पेयजल समस्या, गंगाल व चगयाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मामले, गंगाल में अधूरी पड़ी पानी की परियोजना, क्षेत्र में खराब मोबाइल नेटवर्क व पक्की सड़कों की कमी के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग को गंगाल से चौकी चौरा जाने वाली सड़क की मरम्मत करने के निर्देश दिए। ब्लॉक विकास अधिकारी चौकी चौरा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घार से पंचायत घर तक मनरेगा के अंतर्गत जल्द सड़क निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार चौकी चौरा रमन जंडियाल, विद्युत विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता शंकर सिंह मन्हास, जल शक्ति विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता राकेश गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता अंग्रेज सिंह, तहसील आपूर्ति अधिकारी सिराज उल दीन आदि मौजूद थे।