श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया चार्टर विमान का टायर फटने से रनवे को नुकसान पहुंचा है। इससे सभी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर करीब दो बजे एयर इंडिया की विमान संख्या एआई-3821 जब श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड कर रही थी, तभी विमान का टायर फट गया।
इसमें जम्मू से सुरक्षा बल के जवान श्रीनगर आ रहे थे। विमान में सवार सभी 143 यात्री सुरक्षित रहे। एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक अधिकारी के अनुसार सभी यात्री और क्रू मेंबर जो विमान में सवार थे, सुरक्षित हैं। हालांकि रनवे को काफी क्षति पहुंची है। मरम्मत के बाद ही इसे प्रयोग में लाया जाएगा।
रनवे खराब होने के चलते सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। करीब चार विमान टेक-आफ नहीं कर पाए, जो रात में श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ही रहेंगे। इसके अलावा रनवे पर टेक-ऑफ के लिए इस्तेमाल में लाए जाने वाली सामान्य लेंथ 10,000 मीटर घटा कर 8,300 मीटर कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह दोबारा से उड़ानें बहाल होने की उम्मीद है।