भारतीय वायुसेना ने रविवार को जम्मू से 186 यात्रियों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर पहुंचाया। इन यात्रियों में से ज्यादातर ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजिनियरिंग (गेट) देने वाले छात्र थे। एयरलिफ्ट किए गए अन्य यात्रियों में बच्चे शामिल थे। जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद होने के चलते काफी संख्या में यात्री फंसे हुए हैं।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि वायुसेना के सी17 ग्लोबमास्टर ने पिछले दो दिनों में अपनी उड़ानों में कुल 538 लोगों को एयरलिफ्ट किया है। इनमें से 319 ऐसे छात्र थे जिन्होंने गेट परीक्षा में हिस्सा लिया था। वायुसेना ने फि र से 170 छात्रों सहित 186 लोगों को जम्मू से एयरलिफ्ट करके श्रीनगर पहुंचाया।
उन्होंने छात्रों को कोट करते हुए बताया कि यह उनके जीवन की यादगार परीक्षा थी और हमेशा याद रहेगी। प्रवक्ता ने बताया कि इससे छात्रों को बहुत बड़ी राहत मिली क्योंकि सशस्त्र बलों द्वारा समय से चलाए गए मानवीय सहायता अभियान के चलते ही वे परीक्षा में शामिल हो सके।
इसी बीच गंभीर रूप से बीमार तीन महिलाओं सहित किश्तवाड़ में फं से 28 लोगों को पवन हंस हेलीकॉप्टर की विभिन्न उड़ानों से एयरलिफ्ट किया गया। दूरदराज के इलाके मारवाह, वारवान व दच्छन से लोग एयरलिफ्ट किए गए। डीसी अंग्रेज सिंह राणा ने स्वयं ही पूरे अभियान की निगरानी की।