डोडा में आप विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी के खिलाफ हुए प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक जाम में फंसी एक बीमार दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।परिजनों का आरोप है कि पुलिस से बार-बार रास्ता देने की गुहार लगाने के बावजूद उन्हें नहीं जाने दिया गया।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक दो साल की बच्ची ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। बच्ची को निमोनिया था और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में आप विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के कारण बना ट्रैफिक जाम उसके रास्ते में आ गया।
विज्ञापन
अधिकारियों के मुताबिक, बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठाठरी से सरकारी मेडिकल कॉलेज डोडा रेफर किया गया था। लेकिन पुल डोडा के पास ट्रैफिक में फंसने की वजह से समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण उसकी मौत हो गई।
बच्ची के पिता ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पुलिस से बार-बार विनती की कि उन्हें रास्ता दिया जाए, लेकिन तैनात जवानों ने उनकी बात नहीं मानी। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने एम्बुलेंस को रास्ता देने की पूरी कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन के कारण स्थिति बहुत जटिल हो गई थी।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि आप समर्थकों ने विधायक मेहराज मलिक को जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत में लेने के विरोध में दिनभर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल थीं, जो पुलिस को चकमा देकर बार-बार सड़क पर आ जाती थीं। पुलिस ने कई बार हल्का लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की।
एक पुलिस अधिकारी भी प्रदर्शनकारियों के साथ हुई झड़प में घायल हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।