मौका था पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के सौ दिन पूरे होने का। इस मौके को उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने जम्मू में एम्स मुद्दे पर बने बवाल को शांत करने के प्रयास की कड़ी में सोमवार को ऐलान किया कि जम्मू में एम्स खुलने की जल्द घोषणा तो होगी ही। आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी बनेंगे। उन्होंने कहा, आईआईटी के लिए नगरोटा के खानपुर के पास भूमि की निशानदेही भी कर ली गई है।
अपने निवास स्थान पर रियासती सरकार की सौ दिन की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए बुलाए पत्रकार सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू में एम्स खुलने पर आने वाले दिनों में आधिकारिक घोषणा हो सकती है। केंद्र सरकार ने इसका पूरा भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा-पीडीपी में न तो कोई सियासी तालमेल है और न ही वैचारिक गठजोड़। केवल गवर्नेंस के एजेंडे पर सरकार बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कई विवादों के बावजूद सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की तरफ कदम बढ़ाए हैं।
आने वाले दिनों में भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी। सिंह ने कहा, सरकार जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रवाद से कोई समझौता नहीं करेगी। मर्सरत आलम जैसे अलगाववादी की रिहाई पर विवाद हुआ, लेकिन यह देखना होगा कि उसे फिर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। कश्मीर में अलगाववाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे ही जम्मू में भी भिंडरावाले पोस्टर विवाद पर माहौल खराब करने की कोशिश हुई, जिसे सरकार ने संयम बरतते हुए माहौल को शांत करने में कामयाबी पाई।
जम्मू-कश्मीर में कोई राष्ट्र विरोधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं होगी। भाजपा इसके लिए अडिग है। उन्होंने कहा, जम्मू को स्वतंत्र पर्यटन सर्किट बनाने के लिए रणजीत सागर डैम में वाटर स्पोर्ट्स शुरू किया जाएगा। सनासर में गोल्फ कोर्स तो मानतलाई में योग केंद्र बनेगा। पत्नीटाप में गंडोला, जम्मू शहर में मुबारक मंडी का तेजी से जीर्णोद्धार के अलावा 31 मार्च 2016 तक कृत्रिम झील का निर्माण कार्य पूरा होगा।
मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थल बनेंगे। परेड ग्राउंड में पालिका बाजार की तर्ज पर निर्माण कार्य होगा। महाराजा हरि सिंह पार्क भव्य तरीके से विकसित होगा। इस अवसर पर शिक्षा, सूचना राज्य मंत्री प्रिया सेठी, विधायक सत शर्मा, राजेश गुप्ता भी मौजूद रहे।
सवालों की बौछार में उलझे उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह पत्रकार वार्ता में सवालों की बौछार में उलझ कर रह गए। राज्य मंत्री सुनील शर्मा की शादी में परिवार के साथ सरकारी हेलिकाप्टर से पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी तो सरकारी हेलिकाप्टर का जमकर प्रयोग करते रहे। इसके बाद जवाब में शुद्धिकरण करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शादी के साथ-साथ वह सरकारी कामकाज के लिए भी किश्तवाड़ गए थे।
जम्मू में भिंडरावाले पोस्टर विवाद और कश्मीर में पाक झंडे लहराए जाने की घटनाओं पर भी उपमुख्यमंत्री ठीक से जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने बस इतना कहा कि सरकार माहौल ठीक करना चाहती है। वहीं मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कई बार विवादित बयानों के बावजूद उपमुख्यमंत्री के तौर पर उनकी खामोशी संबंधित सवाल पर भी वह उलझ कर रह गए और उन्होंने कहा कि वह ऐसा कर दोनों दलों में फूट पैदा नहीं करना चाहते थे।