सांबा। जिले के मलानी गांव में सरकारी धान खरीद मंडी में किसानों का धान लेकर पहुंचना शुरू हो गया है। अभी तक 770 क्विंटल धान मंडी में पहुंचा है। किसानों के अनुसार मंडी में धान की बिक्री करना उनके लिए अच्छा है। क्योंकि उनके खाते में धन पहुंच रहा है।
किसान सुभाष चंद्र व प्रीतम ने कहा कि उन्होंने अपना धान मंडी में बेचा है। धान के एक ग्रेड के उन्हें 2060 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। जो निजी व्यापारियों से अच्छे दाम हैं। इसी को लेकर वीरवार को राजपुरा तहसील के नायब तहसीलदार देसराज ने किसानों से भेंट कर उनसे जानकारी ली कि उन्हें धान खरीद मंडी में कोई परेशानी तो नहीं आ रही है। किसानों ने उन्हें बताया कि मंडी में उनका अनाज सही ढंग से बिक रहा है। इस अवसर पर कृषि विभाग के शाम लाल शर्मा, प्रिथीपाल सिंह, विकास शर्मा व जीवन आदि भी उनके साथ थे। उन्होंने मंडी में फसल के रखरखाव के बारे में भी जानकारी ली।