आरएस पुरा। स्कास्ट के कुलपति प्रो. जेपी शर्मा ने आरएस पुरा की बासमती के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर पारिश्रमिक प्राप्त करने के लिए ब्रांडिंग और मार्केटिंग बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने किसानों को एफपीओ बनाने के लिए प्रेरित किया। जो इनपुट लागत को कम करेगा और उनको अधिक कीमत मिल पाएगी।
स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी स्कूस्ट जम्मू के कोऑर्डिनेटर डॉ. आरके सलगोत्रा ने नव विकसित जम्मू बासमती किस्मों की क्षमता को साझा किया। जो आरएस पुरा की पारंपरिक बासमती किस्म के संबंध में स्वाद और सुगंध के बराबर हैं। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक सुभाष शर्मा ने किसानों के लिए विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रितेश शर्मा प्रधान वैज्ञानिक बीईडीएफ ने कृषि उपज के निर्यात में चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श किया। क्षेत्रीय कार्यालय एपीडा जम्मू से डॉ. फातिमा कौसर ने अपने उत्पाद के निर्यात के लिए एफपीओ के पंजीकरण के बारे में जानकारी दी।
डॉ. पुनीत चौधरी मुख्य वैज्ञानिक और प्रमुख केवीके जम्मू ने निर्यात प्रोत्साहन कार्यक्रम में प्रतिभागियों का स्वागत किया और बताया कि केवीके जम्मू के किसानों के लाभ के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।