मीरा साहिब। शेर ए कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय चट्ठा का मंगलवार को 24 वां स्थापना दिवस मनाया गया। समारोह में मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता मुख्य अतिथि रहे। जिन्होंने जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों से आए किसानों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करने के साथ-साथ किसानों का हौसला बढ़ाया।
मुख्य सचिव ने विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर वैज्ञानिकों तथा स्टाफ को मुबारकबाद दी। कहा कि कृषि विश्वविद्यालय लगातार किसानों की बेहतरी के लिए काम कर रहा है। कृषि को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आज के समय में किसानों के लिए कृषि काफी लाभदायक सिद्ध हो रही है। किसानों की भलाई के लिए सरकार द्वारा भी कई योजनाएं शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग कृषि क्षेत्र से दूरी बना रहे हैं, उन्हें इस बात को जरूर सोचना चाहिए कि कृषि आमदनी के व्यवसाय के साथ-साथ एक समाज सेवा भी है। उन्होंने समाज में बेहतर योगदान देने वाले लोगों की प्रशंसा की और कहा कि आज उन्हें ऐसे लोगों को सम्मानित करने में काफी हर्ष हो रहा है। जो समाज को आगे ले जाने में अपना बेहतर योगदान दे रहे हैं।
इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता ने कृषि विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय प्रबंधन को मुबारकबाद दी। कहा कि किसानों और विश्वविद्यालय के बीच बेहतर तालमेल के कारण आज जम्मू-कश्मीर के किसान आधुनिक खेती की तरफ अग्रसर हो रहे हैं। इसमें कृषि विश्वविद्यालय का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार भी किसानों की आमदनी दोगुना करने हेतु लगातार काम कर रही है और सरकार ने ऐसी कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका सीधे तौर पर किसानों को फायदा मिल रहा है।
उप कुलपति प्रोफेसर जेपी शर्मा ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, और कहा कि कृषि विश्वविद्यालय ने अपने 24 वर्ष के कार्यकाल के दौरान कृषि को बढ़ावा देने में बेहतर योगदान दिया है। इसके लिए कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने हमेशा आधुनिक खेती को बढ़ावा देने में काम किया।
इस दौरान कृषि विश्वविद्यालय की तरफ से समाज में बेहतर योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील शर्मा, पुनीत महाजन रोहित शास्त्री, प्रीति चौधरी, एसडीएम अभिषेक अबरोल, प्रदीप कपूर, एस.के शर्मा, तहसीलदार हरमीत सिंह, हिमांशु शर्मा, आदि शामिल थे। कार्यक्रम में मंडलायुक्त रमेश कुमार, डीडीसी अध्यक्ष भारत भूषण, पूर्व विधायक प्रो. गारू राम भगत, प्रो. पीके शर्मा, डॉ. पी. रामासुंदरम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।