आरएस पुरा। इन दिनों कोरोना महामारी के बीच भी किसानों को खेतों में कार्य करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि इस समय ग्रामीण क्षेत्र में भी कोरोना रोगियों बढ़ोतरी हो रही है। इसके बावजूद कई किसान धान लगाए जाने के लिए खेतों को तैयार करते हुए देखे जा सकते हैं।
रबी सीजन समाप्त होते ही आरएस पुरा के अधिकतर किसान खरीफ फसल को लेकर आने वाले मानसून से पहले पहले धान की पनीरी तैयार करने में जुट गए हैं। किसान फकीर चंद का कहना है कि कोरोना संकट काल में खेतीबाड़ी कर वह अपने परिवार के लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करने के प्रयास में हैं। इससे पहले की हर साल की तरह इस बार भी मानसून आ जाए, उसे देखते हुए वे न केवल धान की फसल की रोपाई के लिए अपने खेतों को तैयार करा रहे हैं, बल्कि साथ ही खेतों में धान का बीज बोकर पनीरी तैयार करा रहे हैं, ताकि समय पर धान की पनीरी तैयार हो जाए और समय पर वे अपने तैयार खेतों में धान की रोपाई करा सकें। किसानों के अनुसार वे इस बार भी बासमती 370, धान 1121 तथा धान शरबती की फसल को लेकर पनीरी को अधिक तरजीह दे रहे हैं।