मुख्य सचिव होंगे अध्यक्ष, एक्शन प्लान को लागू करेगी कमेटी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के जलवायु परिवर्तन से जुड़े एक्शन प्लान पर विचार कर उसे मंजूरी देने के लिए स्टीयरिंग कमेटी का गठन किया गया है। मुख्य सचिव इस कमेटी के अध्यक्ष होंगे। पर्यावरण, पारिस्थितिकी और रिमोट सेंसिंग विभाग के निदेशक के पास इस कमेटी के सदस्य सचिव पद का जिम्मा होगा।
जलशक्ति विभाग, पीडीडी, कृषि उत्पादन, पीडब्ल्यूडी, आपदा प्रबंधन, गृह एवं शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, योजना विकास एवं निगरानी, वन एवं पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उद्योग एवं वाणिज्य, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, परिवहन विभाग और प्रमुख मुख्य वन संरक्षक विभाग के प्रशासनिक सचिव इस कमेटी के सदस्य होंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया। विभाग के आयुक्त सचिव एम राजू के अनुसार यह कमेटी जलवायु परिवर्तन के एक्शन प्लान को लागू करने के साथ ही जरूरत के हिसाब से समय-समय पर उसकी समीक्षा करेगी। इसके साथ ही नीति, क्षेत्रीय योजना एवं विकास के संबंध में रणनीतिक निर्देशन भी देगी।