कला केंद्र जम्मू में सात दिवसीय जिला हैंडलूम एक्सपो का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। माई हैंडलूम, माई प्राइड के तहत सात दिवसीय जिला हैंडलूम एक्सपो की शुरूआत कला केंद्र जम्मू में हुई। हस्तकला और हथकरघा जम्मू के निदेशक विकास गुप्ता ने शुक्रवार को एक्सपो का उद्घाटन किया। इसे विकास आयुक्त हथकरघा ने कपड़ा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय हथकरघा विकास कार्यक्रम (एनएचडीपी) के तहत प्रायोजित किया गया है।
इस दौरान निदेशक ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय बुनकरों द्वारा उनके उत्पादों के बारे में जानकारी ली। कहा कि यह एक्सपो बुनकरों और सहकारी समितियों को अपने वास्तविक उत्पादों को सीधे खरीदारों को बेचने के लिए मंच देगा और लोगों को जम्मू और कश्मीर की समृद्ध कला और शिल्प की एक झलक प्रदान करेगा। उन्होंने लोगों से एक्सपो में आने और स्थानीय हथकरघा उत्पादों को खरीदकर स्थानीय बुनकरों का समर्थन करने की अपील की।
प्रदर्शनी में विशेष आकर्षण पश्मीना शॉल, ऊनी शॉल, मफलर, कोट, कंबल और हथकरघा उत्पादों के अन्य किस्में हैं। बुनकर सेवा केंद्र के सहायक निदेशक ने बताया कि एक्सपो में 25 हथकरघा समितियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। उन्होंने इच्छुक, बिना सुविधा वाले बुनकरों से विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने और अपनी आजीविका अर्जित करने के लिए विभाग में पंजीकरण कराने की भी अपील की। कहा कि यह कार्यक्रम वोकल फॉर लोकल संदेश के साथ आयोजित किया जा रहा है। मौके पर उप निदेशक योजना, हथकरघा एवं हस्तशिल्प मेगा बोगिया, उप पंजीयक हथकरघा एवं हस्तशिल्प जोगिंदर मोंगल, सहायक निदेशक हथकरघा ताहिर अहमद हकीम भी उपस्थित थे।