ज्यौड़िया। पंचायत मुठ्ठी मैरा के किसानों ने प्रधानमंत्री किसान निधि योजना का लाभ देने की मांग की है। किसानों ने बताया कि इस पंचायत के लगभग 200 किसान ऐसे हैं जो प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के लाभ से वंचित हैं। किसानों ने बताया कि उनके नाम सूची में होने के बावजूद भी आजतक उनके खातों में सरकार की तरफ से मिलने वाले किसान निधि योजना के लाभ का एक पैसा भी अब तक नहीं आया है।
पंचायत मैरा की सरपंच प्रिया शर्मा ने बताया कि वह इस विषय में कृषि विभाग के अधिकारियों से कई बार बात कर चुकी हैं लेकिन आज तक कोई परिणाम नहीं निकला है और अधिकारियों का हर बार एक ही कहना होता है कि इन सभी किसानों की सूची तैयार कर हमने नोडल ऑफिसर पीएम किसान सम्मान निधि योजना को भेज दी है। यह सुनते-सुनते एक साल बीतने को हैं, लेकिन आज तक पंचायत के किसान इस लाभ से वंचित हैं। संवाद