वैश्विक मंच पर कश्मीर आधारित सब्जियों, मसालों और अन्य कृषि उत्पादों के लिए अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए जम्मू-कश्मीर अग्रसर है। खाड़ी देशों में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए, कृषि विभाग कश्मीर ने सब्जियों की एक और खेप शनिवार को सऊदी अरब भेजी।
एक अधिकारी ने बताया कि इसका उद्देश्य वैश्विक कृषि व्यापार में जम्मू-कश्मीर के किसानों, कृषि उद्यमियों की भागीदारी को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि शनिवार को भेजी गई खेप नए उत्पाद, नई रणनीति के तहत इस साल की तीसरी खेप है। इस खेप को निदेशक कृषि विभाग कश्मीर चौधरी मोहम्मद इकबाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
निदेशक ने कहा कि हमारे कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों से अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर से सर्वोत्तम गुणवत्ता वाला उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि विभाग केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की निर्यात प्रोत्साहन नीति को मजबूत करने के लिए एक दीर्घकालिक महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रहा है। चौधरी ने यह भी कहा कि विभाग अधिक से अधिक किसानों, कृषि-उद्यमियों को कश्मीर विशिष्ट कृषि उपज के अंतरराष्ट्रीय व्यापार की ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है, जिसका उद्देश्य उनकी उपज के लिए उच्च रिटर्न प्राप्त करना है। इस मौके पर ज्वाइंट डायरेक्टर इनपुट फारूक अहमद भट, डिप्टी डायरेक्टर कृषि प्लानिंग मोहम्मद यूनिस चौधरी भी मौजूद थे।