अखनूर में 24 फील्ड रेजिमेंट की सेंट्री पोस्ट पर था तैनात, सेना ने चलाया तलाशी अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। अखनूर के टांडा क्षेत्र में 10 आर्टिलरी ब्रिगेड के अंतर्गत आती 24 फील्ड रेजिमेंट की सेंट्री पोस्ट पर मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक अग्निवीर जवान की मौत हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पोस्ट के सेंट्री अग्निवीर प्रदीप कुमार यादव (नंबर ए3452888वाई) संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से घायल हुआ था। उक्त जवान को एमएचए अखनूर लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जवान की आयु 21 वर्ष थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की।वहीं, सेना ने क्षेत्र में आसपास के गांवों में और अखनूर-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात तक तलाशी अभियान भी चलाया। मामले में अभी तक सेना या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस के अनुसार मृत जवान का पोस्टमार्टम किया जाएगा। उसके बाद जांच में ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले में आतंकी हमले जैसा कुछ नहीं लग रहा। फिर भी सभी पहलुओं से जांच जारी है।